एलियंस को लेकर कई सालों से बहस चली आ रही है। कई विशेषज्ञ और यूएफओ एक्सपर्ट्स एलियंस की खोज में लगे हुए हैं। कई बार एलियंस के बारे में कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं। हालांकि अभी तक इनके बारे में कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
इस बीच अमरीका के एक वेटरन का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बता रहे हैं कि कैसे उन्होंने एक एलियन को देखा। इसमें यह भी दावा किया जा रहा है कि अमरीकी अधिकारियों ने एक नर्स को एलियन के शरीर की चीरफाड़ करने का दबाव बनाया।
क्रैश हो गया था यूएफओ
इसमें दावा किया जा रहा है कि एक बार अमरीका में एक UFO क्रैश हो गया था। उस यूएफओ में से एलियन की लाश मिली थी। इसके बाद एक नर्स को उस एजियन के शव का पोस्टमॉर्टम करने के लिए मजबूर किया गया था। इसके कारण वह पूरी तरह सदमे में आ गई थी। ये दावा रोसवेल फ्यूनरल होम के एक कार्मचारी ने किया है। साथ ही उसने कहा कि सेना ने एलियन के लिए उससे बच्चों के आकार के ताबूत बनवाए। उसने कहा कि वह नर्स को जानता है। इस घटना के तुरंत बाद नर्स ने इस्तीफा दे दिया था।
कभी नहीं बताई नर्स की पहचान
शख्स का नाम ग्लेन डेनिस है, जो 1947 के कुख्यात रोसवेल UFO दुर्घटना के दौरान न्यू मैक्सिको के रोसवेल में अंडरटेकर में काम कर रहा था। इस व्यक्ति की मौत हो चुकी है, लेकिन उसने कभी भी नर्स का नाम नहीं बताया। हालांकि उन्होंने इस घटना के बारे में जरूर बताया था। पूर्व जासूस और सैन्य पुलिस अधिकारी जेम्स क्लार्कसन ने ग्लेन का इंटरव्यू लिया था। जेम्स का कहना है कि ग्लेन की कहानियां थोड़ी बहुत नाटकीय हैं, फिर भी वह एक विश्वसनीय स्रोत हैं।
ग्लेन ने बताया क्या हुआ था उस दिन
जेम्स के अनुसार, ग्लेन ने बताया था कि उस समय छोटे शहरों में एंबुलेंस नहीं थे। अगर एक बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना हो तो उसके लिए सबसे बेहतर एक शव वाहन होता था। इस वजह से कई बार फ्यूनरल होम के लोग डबल ड्यूटी करते थे। ग्लेन ने बताया था कि वह एक घायल एयरमैन को बेस पर ले जा रहे थे। उस वक्त उसने वहां बहुत सारी गाड़ियां और लोगों को देखा। वहां मौजूद एक नर्स जो ग्लेन को जानती थी आई और उसे पूछा कि वह यहां क्या कर रहा है। इस दौरान वह डरी हुई थी। बाद में उसने इस्तीफा दे दिया। ग्लेन के मुताबिक नर्स ने उससे कहा था कि वह कभी भी उसकी पहचान उजागर न करे। बता दें कि रोसवेल दुनिया की सबसे प्रसिद्ध UFO दुर्घटनाओं में एक है।

