छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। भारी बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाढ़ की स्थिति बनने के बाद कई गावों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, प्रदेश के वनांचल क्षेत्र बस्तर के कई क्षेत्रों में भी मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर जिले में पिछले 36 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते भानुप्रतापपुर नारायणपुर और कोंडागांव हाइवे बंद हो गया है। जबकि ओरछा मार्ग पर बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। बताया जा रहा है कि जिले के करीब 200 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। वहीं, बीजापुर जिले में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के बाद जिले के कई नदी नाले उफान पर हैं। बारिश के चलते नेशनल हाइवे एक बार फिर बन्द हो गया हैं। बताया जा रहा है कि इंद्रावती नदी उफान पर है। वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने राज्य के रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और महासमुंद जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, गरियाबंद, रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। बताया गया कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने और उसके प्रबल होने की संभावना है। इन गतिविधियों के परिणामस्वरूप 15 अगस्त तक ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चार संभागों- रायपुर, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर में भारी बारिश होने का अनुमान है।
