मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य अभी भी ठीक नहीं है। गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में उनका उपचार चल रहा है लेकिन हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार दोपहर 2 बजे समाजवादी पार्टी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल द्वारा मेदांता हॉस्पिटल से जारी हुई मेडिकल बुलेटिन को शेयर किया गया।
वहीं वाराणसी महानगर में शनिवार और रविवार को समाजवादी पार्टी द्वारा निकाली जाने वाली देश बचाओ देश बनाओ पदयात्रा को स्थगित कर दिया गया। पदयात्रा रद्द करने के बारे में महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा द्वारा भी सूचना जारी करते हुए जानकारी दी गई। मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य जानने के लिए वाराणसी समेत पूर्वांचल के दिग्गज नेता वाराणसी एयरपोर्ट से लगातार दिल्ली के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। वाराणसी में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा द्वारा बताया गया कि वाराणसी महानगर की कैंट विधानसभा, उत्तरी विधानसभा और दक्षिणी विधानसभा में शनिवार और रविवार को देश बचाओ देश बनाओ समाजवादी पर यात्रा निकाली जानी थी। पदयात्रा की तैयारी कर ली गई थी लेकिन प्रदेश कार्यालय की सूचना पर यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कार्यालय द्वारा बताया गया है कि अगले निर्देश तक यह पद यात्रा स्थगित रहेगी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य अभी भी ठीक नहीं हुआ है, हालत चिंताजनक बताई जा रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता काफी चिंतित हैं और मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में समाजवादी पार्टी द्वारा पदयात्रा निकाला जाना या फिर पार्टी द्वारा कोई भी अन्य कार्यक्रम किया जाना उचित नहीं था। नेताओं ने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय द्वारा यह उचित निर्णय लिया गया है।

