इंदौर। पत्नी द्वारा बनाई गई सब्जी में स्वाद नहीं आने से पति का माथा ठनक गया और उससे विवाद करने लगा। विवाद बढ़ गया और पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर केरोसीन उड़ेल कर उसे आग के हवाले कर दिया। मामला मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित चंदननगर थाना इलाके के गीता नगर का है। केरोसिन डालकर आग लगाने के बाद वह पत्नी को चोइथराम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। लेकिन अस्पताल में जब तक महिला का इलाज शुरू होता, उसके पहले ही आरोपी पति फरार हो गया। झुलसी हुई महिला को देखकर अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद चंदन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़त महिला पपीता सिंह के बयान लिए। इस आधार पर पुलिस ने उसके पति अरविंद सिंह के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी अब भी फरार है, वहीं गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज चल रहा है।
बेस्वाद सब्जी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
पुलिस को पीडि़ता ने बताया कि कल शाम उसके पति खाना खाने बैठे। पति ने कहा कि आज सब्जी बेस्वाद है, इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पीडि़ता ने पति को भरोसा दिलाया कि आगे से वह उसकी पसंद का ही खाना बनाएगी। साथ ही झगड़ा न करने को भी कहा, लेकिन पति लगातार विवाद करता रहा। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी अंदर के कमरे से केरोसिन से भरी केन उठा लाया। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाती, उसके पहले ही पति ने उसके शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
पत्नी को खुद लेकर पहुंचा अस्पताल
महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आग लगने के बाद जब वह जलने से तड़पने लगी और चिल्लाई तो पति आग बुझाने का प्रयास करने लगे। आरोपी ने महिला के शरीर पर पानी डाल दिया। आग बुझाने के क्रम में वह खुद भी झुलस गया। खुद घायल होने के बाद अरविंद सिंह ने पत्नी को दोपहिया वाहन पर बैठाया और अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां उसने पीडि़ता को भर्ती कराने के बाद अपने जले हाथों पर भी मरहम-पट्टी कराई। कुछ देर तक वह रुका रहा इसके बाद फरार हो गया। (एजेंसी)

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version