बिलासपुर । बिलासपुर में बुधवार की रात सरकंडा थाने के सामने कॉलेज स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कुछ छात्र अपने साथी का जन्मदिन मनाने के लिए निकले थे। इसी दौरान शराब पीने के बाद पान दुकानदार में अमित से उनका विवाद हो गया, जिस पर अमित ने युवक देवव्रत सिंह पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। ये घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के लैलूंगा निवासी देवव्रत सिंह पैकरा (22) साइंस कॉलेज में एमएससी का छात्र था। वह कॉलेज के पास किराए के रूम में रहता था। सीपत क्षेत्र का टेकर निवासी पंकज लास्कर उसका दोस्त है और वह सरकंडा थाने के सामने स्थित खेल परिसर में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी है। बुधवार को देवव्रत और पंकज के एक दोस्त दीपक का जन्मदिन था। रात में 4-5 दोस्त मिलकर जन्मदिन मनाने के लिए मोपका गए थे। सभी ने वहां शराब पी, फिर तीन बाइक पर सवार होकर खेल परिसर पहुंचे, वहां भी दोस्तों के साथ उन्होंने शराब पी। इस दौरान पंकज ने देवव्रत और उसके एक अन्य दोस्त को सिगरेट लाने के लिए भेजा। रात करीब 9 बजे पान दुकान संचालक अमित यादव से उधार की सिगरेट लेने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इस दौरान देवव्रत और उसके दोस्तों ने पान दुकान संचालक अमित के साथ गाली-गलौज की, फिर उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद अमित ने अपनी दुकान बंद कर दी। फिर रात करीब 10.30 बजे उसने पंकज को फोन लगाया, तब उसने बताया कि वह खेल परिसर में है। इस बीच अमित चाकू लेकर वहां पहुंचा और पंकज को खोजने लगा, तभी वहां उसे देवव्रत मिल गया। अमित ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद उसके सीने को चाकू से गोद दिया, जिससे देवव्रत लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि देवव्रत को खून से लथपथ देखकर पंकज और उसके दोस्त उसे छोड़कर भाग निकले। फिर पंकज ने रात करीब 11 बजे खेल परिसर के सिक्योरिटी गार्ड शंकर वस्त्रकार को फोन किया और बोला कि उसका दोस्त वहीं नशे में गिर गया है, जाकर देखो। तब शंकर उसे स्वीमिंग पुल के बाहर देखने गया। वह खून से लथपथ मौके पर पड़ा था और उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद शंकर ने अपने सुपरवाइजर के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्र की लाश की पहचान किए बगैर ही उसे उठवाकर रात में अस्पताल भेज दिया, जिसके बाद गार्ड से पूछताछ कर पंकज को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पंकज और उसके दोस्तों से पुलिस ने पूछताछ की, तब सभी गोलमोल जवाब देते रहे। पुलिस ने थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर दिया। इसके बाद भी पंकज अपने आप को बेकसूर बताता रहा, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। आखिरकार बाद में युवकों के बयान के आधार पर रात में ही पुलिस ने अमित यादव को भी दबोच लिया। उसने अकेले घटना को अंजाम देना बताया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने में जुटी रही।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930