रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने अपने कार्यकाल की पहली प्रशासनिक सर्जरी की है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अफसर पी. दयानंद को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा सेवा विभाग का अतिरिक्त सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के डा. सुभाष सिंह राज सहित तीन को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में पदस्थ किया गया है। मुख्यमंत्री की निजी स्थापना में अब ओएसडी के रूप में उमेश अग्रवाल और रविकांत मिश्रा तथा निज सचिव के रूप में दीपक अंधारे अपनी सेवाएं देंगे। इधर, कांग्रेस की भूपेश सरकार में करीबी रहे अफसरों को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटा दिया है। आइएएस दयानंद के मुख्यमंत्री के सचिव का पद ग्रहण करते ही आइएएस सुब्रत साहू अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री के पद से मुक्त होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री के अन्य सचिवों में आइएएस परदेशी सिद्धार्थ कोमल, आइएएस अंकित आनंद, आइएएस डा. एस. भारतीदासन और आइएएस डीडी सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटा दिया गया है। हालांकि इन अधिकारियों के बाकी अन्य विभागों की जिम्मेदारी से अभी कार्यमुक्त नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार इन अधिकारियों के पास सरकार के ज्यादातर विभाग हैं इसलिए इनके विभाग भी कम किए जा सकते हैं। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार विष्णुदेव साय सरकार में मुख्यमंत्री सचिवालय से हटाए गए अधिकारियों के विभागों में भी बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। इन अधिकारियों के पास ज्यादातर बड़े विभागों की जिम्मेदारी है। ऐसे में भूपेश सरकार के समय लूप लाइन में रहे अफसरों का कद बढ़ सकता है। पिछली सरकार से दूर रहे अफसरों में आइएएस पी.दयानंद के अलावा आइएएस भुवनेश यादव, मोहम्मद अब्दुल केसर हक, पोषण लाल चंद्राकर, शिखा राजपूत तिवारी, डा. सीआर प्रसन्ना, रीता शांडिल्य, राजेश सिंह राणा, राजेश सुकुमार टोप्पो, एस. प्रकाश, आर.संगीता, राहुल वेंकट, अवनीश शरण, आर वेंकट, अभिजीत सिंह, बसवराजू एस. और इंद्रजीत चंद्रवाल समेत अन्य अधिकारी रहे हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह पहली नियुक्तियां हैं। इसे लेकर मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। चर्चा है कि अब मंत्रालय से लेकर प्रदेश के बड़े तमाम विभागीय अमला में अधिकारियों की नियुक्ति जल्द की जाएगी और ट्रांसफर-पोस्टिंग का दौर शुरू होगा। कलेक्टर-एसपी भी हटाए जा सकते हैं। भूपेश सरकार में काम कर रहे राज्य प्रशासनिक सेवा के पांच ओएसडी को भी हटा दिया गया है। इनमें अरुण कुमार मरकाम, डा. सूरज कुमार कश्यप, देवेंद्र प्रधान, उमेश पटेल और विशाल कुमार महाराणा शामिल हैं। डा. सुभाष राज के पदभार ग्रहण करते ही ये पांचों अधिकारी कार्यमुक्त होंगे।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031