रायगढ़। कलेक्टर भीम सिंह और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने पुसौर और सरिया क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। कलेक्टर श्री सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित निकालकर प्रशासन द्वारा बनाये गये राहत कैम्पों में पहुंचाने के निर्देश दिये। बरडोली गांव के निवासियों से बातचीत कर उन्होंने सभी ग्रामवासियों को बच्चों, महिलाओं, वृद्ध व्यक्तियों के साथ सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिये। ग्रामवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिये प्रशासन द्वारा पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की गई है। राहत कैम्पों में रहने तथा भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने राहत कैम्पों की व्यवस्था और निगरानी के लिये जिला स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिये और डीएफओ को जिले के सभी राहत कैम्पों में जलाउ लकड़ी उपलब्ध कराने तथा राहत कैम्पों में आवश्यकता अनुसार बांस, बल्ली इत्यादि सामग्रियां भी उपलब्ध बनाने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि वर्तमान में पुसौर तहसील के 10 गांवों के सुरक्षित स्थानों के स्कूल भवनों तथा सामुदायिक भवनों में बाढ़ राहत कैम्प बनाये गये है। बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत कैम्पों में पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन, पुलिस तथा राजस्व विभाग के अधिकारी बचाव कार्यों में लगे हुये है। प्रभावित गांव के निवासियों को सुरक्षित निकालने के लिये नाव तथा मोटर बोट की व्यवस्था की गई है। पड़ोस के जिलों तथा रायपुर से भी मोटर बोट मंगाई गयी है जिसे सारंगढ़ व सरिया क्षेत्र में राहत कार्यों में लगाई जायेगी। कलेक्टर श्री सिंह ने पुलिस अधीक्षक के साथ सरिया क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित राहत कैम्प भठली और लुकापारा भी गये। वहां रह रहे लोगों से उनकी समस्याओं और परेशानियों के बारे में भी बातचीत की। कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व अधिकारियों को सभी कैम्पों में रहने वाले लोगों को मास्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिये और सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा। उन्होंने बताया कि बरसात बंद होने के बाद सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर मकान गिरने और फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जायेगा और राज्य शासन की ओर से निर्धारित मुआवजा प्रदान किया जायेगा।

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि संबलपुर कलेक्टर से चर्चा कर हीराकुंड बांध में 6 और गेट खुलवाये गये है अब हीराकुंड बांध के 46 गेट खोल दिये गये है। रायगढ़ के प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ के पानी का स्तर कम होने में लगभग 8 घंटे का समय लग सकता है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता है कि किसी प्रकार की जनहानि न हो और लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत कैम्पों तक पहुंचाया जाये। इस कार्य में पुलिस, होमगार्ड के अधिकारी-कर्मचारी लगातार बचाव कार्यों में लगे हुये है। रायपुर से एसडीआरएफ की टीम भी जिले के बाढ़ राहत क्षेत्रों में पहुंच रही है। उन्होंने ग्रामवासियों से शांति व्यवस्था बनाये रखते हुये प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031