नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने तिलक नगर में चल रहे स्पा सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली महिला आयोग की 181 हेल्पलाइन पर एक व्यक्ति ने कॉल कर सूचना दी कि तिलक नगर क्षेत्र में कई स्पा कोरोना के दौरान भी धड़ल्ले से चल रहे हैं और जिस्मफरोशी का धंधा कर रहे हैं। दिल्ली महिला आयोग के मुताबिक आयोग की मेंबर किरण नेगी ने अध्यक्षा स्वाति मालीवाल को मामले की सूचना दी और एक टीम गठित की गई।

टीम मौके पर पुलिस के साथ पहुंची। जब टीम पुलिस के साथ स्पा में घुसी तो अंदर कई ग्राहक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। रिसेप्शन पर बैठी महिला को मालिक को बुलवाने के लिए कहा गया तो मालिक ने फोन बंद कर लिया। पुलिस वहां मौजूद 5 ग्राहकों को थाने लेकर आई और स्पा में काम कर रही सभी लड़कियों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी की फुटेज भी जब्त की है और मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता द्वारा जिन बाकी 3 स्पा की जानकारी दी गई थी वो कार्रवाई की सूचना मिलते ही भाग खड़े हुए। (एजेंसी)


















