रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान नगर निकाय चुनाव, धान खरीदी, कुंभ मेले की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

नगर निकाय चुनाव में अव्यवस्था का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। उन्होंने परिसीमन को गलत बताते हुए कहा कि कई मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केंद्र से काफी दूर जाकर वोट डालना पड़ा, जिससे मतदान प्रतिशत में गिरावट आई। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर में 90 से 100 जगहों पर ईवीएम में खराबी आई, जिससे मतदान प्रभावित हुआ।

धान खरीदी में किसानों को परेशान करने का आरोप
धान खरीदी को लेकर बघेल ने कहा कि सरकार ने 160 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा था, लेकिन केवल 145 लाख मीट्रिक टन की ही खरीदी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन और बारदाने की कमी की वजह से किसान परेशान हुए और कांग्रेस पार्टी ने लगातार दबाव बनाकर सरकार को मजबूर किया, जिससे धान की खरीदी संभव हो सकी।

कुंभ मेले की अव्यवस्था पर तंज
महाकुंभ में अव्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन प्रशासन केवल खुद का प्रचार-प्रसार करने में लगा रहा। उन्होंने भगदड़ और अव्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला और कहा कि कुंभ मेला पहले भी होता था और आगे भी होगा, लेकिन इस बार की बदइंतजामी ने कई सवाल खड़े किए हैं।

लॉ एंड ऑर्डर पर सरकार को घेरा
राजधानी रायपुर में चुनाव के दिन हुई 60 लाख की डकैती का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, बलात्कार और अवैध शराब से मौतों की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों को छिपाने में लगी हुई है।

केंद्रीय बजट को बताया जनता के लिए निराशाजनक
केंद्रीय बजट को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसानों, मजदूरों और नौजवानों के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों के विकास की चिंता कर रही है, लेकिन आम जनता के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।

अमेरिका से निर्वासित भारतीयों पर केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल

भूपेश बघेल ने अमेरिका से भारत भेजे गए 104 भारतीयों को हथकड़ी पहनाए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री संसद में यह तो बताते हैं कि पहले भी घुसपैठिए वापस आए हैं, लेकिन यह नहीं बताते कि पहले कभी भारतीयों को बेड़ियों में बांधकर वापस नहीं भेजा गया था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी और सरकार की नाकामियों को उजागर करती रहेगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30