राजनांदगांव। जिले में कोरोना संक्रमण की गति गुजरे दो महीने की तुलना में अब अपेक्षाकृत कम होने लगी है। डोंगरगढ़ और खैरागढ़ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित किए गए कोरोना जांच शिविर के नतीजों से भी यह बात साफ हो गई है। डोंगरगढ़ में आयोजित किए गए जांच शिविर में जहां 2,000 से अधिक लोगों की जांच की गई और सिर्फ 54 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, वहीं खैरागढ़ में 20 वार्डों र्में लगाए गए 18 जांच शिविरों में 1202 लोगों की जांच की गई और 24 लोग ही कोरोना संक्रमित मिले हैं। खैरागढ़ में आयोजित कोरोना जांच शिविर की सबसे ज्यादा राहत वाली बात यह है कि एक भी वार्ड में संक्रमितों की संख्या चार से अधिक नहीं पहुंची। पिपरिया वार्ड में दो और वार्ड 8-9 में लगे शिविर में क्रमश: चार-चार मरीज ही सामने आए है। इसी तरह वार्ड नंबर-1 पिपरियाए वार्ड-5 ठाकुरपारा, वार्ड-11 किल्लापारा-धरमपुरा, वार्ड-12 अमलीपारा और वार्ड-13 धनेली में कोरोना के एक भी मरीज नहीं मिले। इन वार्डों में कुल 271 लोगों की जांच की गई, जिसमें एक भी नए संक्रमितों की पहचान नहीं हुई। शिविर में आकर कोरोना जांच कराने के मामले में दाऊचौरा वार्ड-16 और 17 के लोगों ने सबसे ज्यादा सक्रियता दिखाई। यहां के 189 लोगों ने कोरोना की जांच कराई। इनमें दो लोगों में ही कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि दूसरे नंबर पर लालपुर वार्ड-10 रहा। यहां कुल 112 लोगों की जांच की गई, जिसमें सिर्फ एक ही व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला। इसी तरह धनेली में 99 लोगों ने जांच कराई, लेकिन यहां कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला। इस दौरान सीएमएचओ राजनांदगांव डॉ. मिथलेश चौधरी ने शिविर स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं खैरागढ़ बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन के साथ अस्पताल में चर्चा कर कोविड सेंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विषय में जानकारी ली।
210 लोगों की जांच में सिर्फ एक कोरोना पॉजिटिव
एक युद्ध करोना के विरूद्ध नाम से डोंगरगढ़ नगर के सभी 24 वार्डों के लिए शिविर लगाया गया। यहां वार्ड-1 आजाद वार्ड स्थित कुंभकार सामुदायिक भवन को भी कोरोना सघन जांच केंद्र बनाया गया था, जहां सर्दी-खांसी और बुखार समेत कोरोना संक्रमण के अन्य लक्षणों से पीडि़त कुल 210 लोगों ने जांच कराई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सिर्फ एक मरीज कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा कुल हुए 2023 टेस्ट में 1905 एंटीजन, 45 टूनॉट तथा 73 आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए। वार्ड नंबर 1, 2, 3, 6, 8, 9 व वार्ड 18 में एक-एक पॉजिटिव केस मिले हैं। सर्वाधिक केस वार्ड 10 गणेश वार्ड कालकापारा में 8, वार्ड 13 विनोबा भावे वार्ड बुधवारी में 7, वार्ड 12 नरसिंह वार्ड में 4, वार्ड 7 बधियाटोला, वार्ड 15 राजेन्द्र वार्ड, वार्ड 20 सुभाष वार्ड में तीन तीन तथा वार्ड नंबर 14, 17, 21, 22 व 23 में दो-दो पॉजिटिव मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य केंद्र में चार पजिटिव मरीज मिले हैं।
एक बड़ी कवायद थी, जो पूरी हुई…
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी अविनाश भोई ने बताया, शिविर में जनता का भरपूर सहयोग मिला। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए यह एक बड़ी कवायद थी, जो पूरी हुई है। कोराना की गति अब काफी हद तक नियंत्रण में है। अब लोगों को स्वयं सामने आकर कोरोना की जांच करानी चाहिए, ताकि संक्रमण फैलने से पहले ही इस पर पूरी तरह नियंत्रण किया जा सके। कोरोना पॉजिटिव मिले मरीजों को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है। सब पर निगरानी रखी जा रही है। गंभीर पाए जाने पर संक्रमित मरीजों को तुरंत राजनांदगांव के पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031