कोंडागांव । कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक लोगों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

बेटी की विदाई से लौट रहे थे ग्रामीण
हादसा तब हुआ जब पोटपारा बोरई गांव के 25 लोग एक युवती को विदा कराने उसके ससुराल मोहपाल डिगा गए थे। रात करीब 10 बजे लौटते समय पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। वाहन में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सवार थे।

मौके पर मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से घायल लोगों को फरसगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

उपचार के दौरान तीन की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान 60 वर्षीय मंगली बाई, 70 वर्षीय बुधियारीन नेताम और एक अज्ञात पुरुष की मौत हो गई। 18 अन्य घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोंडागांव रेफर किया गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोंडागांव की यह घटना गांवों में गैर-व्यावसायिक और अनियंत्रित वाहन संचालन की खतरनाक तस्वीर पेश करती है। शादी और पारिवारिक आयोजनों में अक्सर पिकअप जैसे मालवाहक वाहनों का उपयोग किया जाता है, जो भारी जोखिम लेकर आता है। प्रशासन को इस ओर सख्त निगरानी और नियमों के पालन की जरूरत है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31