मध्य प्रदेश में गुरुवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जब मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले में शामिल करीब 19 सरकारी गाड़ियां अचानक रास्ते में बंद हो गईं। यह घटनाक्रम रतलाम जिले के डोसीगांव में हुआ, जहां सभी गाड़ियों ने एक ही पेट्रोल पंप से डीजल भरवाया था। प्राथमिक जांच में सामने आया कि डीजल में भारी मात्रा में पानी की मिलावट थी।

पेट्रोल पंप सील, जांच जारी
गाड़ियों के बंद होने की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच में यह साफ हुआ कि डीजल के साथ टैंकों में पानी मिला हुआ था। कई गाड़ियों में तो 20 लीटर में 10 लीटर तक पानी पाया गया। मिलावट की पुष्टि के बाद भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप को तुरंत सील कर दिया गया।

पंप मैनेजर की सफाई और अधिकारियों का बयान
पेट्रोल पंप मैनेजर ने मिलावट से इनकार करते हुए बारिश के कारण टैंक में पानी रिसने की आशंका जताई है। नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि पेट्रोल पंप के टैंक में पानी घुसने की संभावना है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को सील कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी है।

गाड़ियों का इंतजाम रात में ही किया गया
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को शुक्रवार को रतलाम में रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड इम्प्लॉइमेंट कॉन्क्लेव 2025 में शामिल होना था। इसके लिए गुरुवार रात इंदौर से 19 गाड़ियां भेजी गई थीं, जो डोसीगांव में रुकीं और वहीं से डीजल भरवाया गया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही एक-एक कर सभी वाहन बंद हो गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाद में इंदौर से नई गाड़ियों का इंतजाम कर काफिले को रवाना किया गया।

सरकार गंभीर, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और ईंधन आपूर्ति प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन का कहना है कि जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तकनीकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930