० एसएलआरएम सेंटरों में असामाजिक तत्वों की हरकतों से सफाई कर्मी हलाकान
राजनांदगांव। मणिकंचन केंद्र के नाम से पहचाने जाने वाले शहर के कचरा संग्रहण केंद्रों (एसएलआरएम सेंटर्स) में असामाजिक तत्वों की हरकतों ने सफाई कर्मचारियों की नाक में दम कर दिया है। चोरी की रसीद बुक से ही शहर में हितग्राहियों से यूजर चार्ज वसूला जा रहा है, वहीं इस आशय का सीसीटीवी फुटेज मिल जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे हलाकान सफाई कर्मचारियों ने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए शरारती तत्वों की शीघ्र धरपकड़ कर उन पर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। दरअसल, शहर में घर-घर कचरा संग्रहण के पश्चात कचरे का पृथकीकरण करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर में 17 स्थानों पर एसएलआरएम सेंटर बनाए हैं, इन्हें मणिकंचन केंद्र के नाम से भी जाना जाता है। मणिकंचन केंद्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नियुक्त सफाई कर्मचारियों के संगठन स्वच्छ क्षेत्रीय संघ के हवाले है। ऐसे में स्वच्छ क्षेत्रीय संघ का आरोप है कि आठ मणिकंचन केंद्रों में असामाजिक तत्वों के अपराधिक कृत्यों की वजह से मणिकंचन केंद्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। असामाजिक तत्वों द्वारा आए दिन यहां चोरी और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे वे हलाकान हैं। स्वच्छ क्षेत्रीय संघ राजनांदगांव की अनीता फ्रांसिस, प्रेमा सोनकर, वीणा टंडन, राधा चौहान, उषा मेश्राम, देवकी साहू, नसीम बेगम व लक्ष्मी देवांगन समेत अन्य ने बताया कि, इस आशय की लिखित शिकायत उन्होंने पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण से भी कर दी है। जिसमें कहा है कि, असामाजिक तत्वों की करतूतों की प्राथमिकी उन्होंने संबंधित थानों में भी कई बार दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने इस दिशा में गंभीरता अब तक नहीं दिखाई है।

इसी तरह मणिकंचन केंद्र से हाल ही में चुराई गई रसीद बुक से ही अज्ञात युवक द्वारा शहर में यूजर चार्ज वसूला जा रहा है। शहर की शिवनाथ कालोनी निवासी एक हितग्राही के घर से इस आशय का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। यह सीसीटीवी फुटेज संबंधित थाना पुलिस को भी दिया गया है, जिसमें अज्ञात युवक यूजर चार्ज वसूलता दिख रहा है, इसके बावजूद संबंधित थाना पुलिस द्वारा इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी वजह से तंग स्वच्छ क्षेत्रीय संघ ने अब पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने की गुहार लगाते हुए अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संघ का मानना है कि पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था होने से अपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण किया जा सकता है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031