प्रधानमंत्री श्री स्कूल योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा उन्नत भारत अभियान (यूबीए) क्लब, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर द्वारा केंद्रीय विद्यालय, राजनांदगांव के विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) एन. वी. रमना राव, डीन (छात्र कल्याण) प्रो. (डॉ.) मनोज चोपकर, क्षेत्रीय समन्वयक (उन्नत भारत अभियान क्लब) प्रो. (डॉ.) सुधाकर पांडे, एनएसएस प्रभारी प्रो. (डॉ.) टी. पी. साहू तथा सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गोवर्धन भट्ट सहित संस्थान के शिक्षकगण एवं केंद्रीय विद्यालय, राजनांदगांव के शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ हुआ, जिसमें निदेशक डॉ. राव ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का हार्दिक स्वागत किया और प्रधानमंत्री श्री स्कूल योजना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन पहलों का उद्देश्य शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर डॉ. झारिया ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सतत प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और पढ़ने की आदत विकसित करने का संदेश दिया। डॉ. गोवर्धन भट्ट ने अपने संबोधन में स्वस्थ शरीर और मन के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों से प्रतिदिन एक अच्छा कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं, डॉ. सुधाकर पांडे ने संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों से जीवन में एक सार्थक उद्देश्य निर्धारित करने और उसे दृढ़ निश्चय व परिश्रम से प्राप्त करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन डॉ. टी. पी. साहू द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
औपचारिक सत्र के पश्चात विद्यार्थियों को संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, खेल परिसर, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं सहित अन्य प्रमुख सुविधाओं का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और गहन रुचि दिखाई।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अनुभव-संपन्न अवसर सिद्ध हुआ, जिसने उनमें उच्च शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उत्साह जगाया।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031