हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमत में भारी गिरावट आई। अमेरिका में फेडरल रिजर्व के अधिकारियों से दिसंबर में रेट कट की उम्मीद कम हो गई है। इस कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने की कीमत में भारी गिरावट आई। एमसीएक्स पर 5 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना कारोबार के दौरान 1,21,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गया था। आखिरकार यह 3,351 रुपये यानी करीब 2.64% गिरावट के साथ 1,23,400 रुपये पर बंद हुआ। चांदी भी 6,940 रुपये यानी 4.27% की गिरावट के साथ 1,55,530 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में शुक्रवार को 3% की गिरावट आई। यह गिरावट शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट की वजह से हुई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों ने बाजार को हिला दिया। इससे दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हो गईं। स्पॉट गोल्ड 1.9% गिरकर $4,092.72 प्रति औंस पर आ गया। दिन की शुरुआत में यह 3% से ज्यादा गिर गया था। हालांकि, इस हफ्ते सोने की कीमत में कुल मिलाकर 2.3% की बढ़ोतरी हुई है।













