What's Hot


अयोध्या धाम से गूंजी पेंशनरों की राष्ट्रीय एकता की आवाज
अखिल भारतीय अधिवेशन में अधिकारों व सम्मान की बुलंद हुंकार
22 राज्यों के 1000 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता
केरल के सी. एच. सुरेश पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष,
छत्तीसगढ़ से वीरेन्द्र नामदेव बने राष्ट्रीय महामंत्री
अयोध्या धाम।
रामनगरी अयोध्या धाम की पावन भूमि से पेंशनरों की एकजुट, सशक्त और राष्ट्रीय चेतना से परिपूर्ण आवाज पूरे देश में गूंज उठी। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ का चतुर्थ अखिल भारतीय दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 21 एवं 22 दिसंबर 2025 को प्रेमकुंज गार्डन, देवकाली बाईपास, राष्ट्रीय राजमार्ग–28, अयोध्या धाम (उत्तर प्रदेश) में भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अधिवेशन में आगामी तीन वर्षों के लिए केरल के वरिष्ठ पेंशनर नेता श्री सी. एच. सुरेश को सर्वसम्मति से निर्विरोध पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं छत्तीसगढ़ से श्री वीरेन्द्र नामदेव (रायपुर) को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया।
छत्तीसगढ़ से ही श्री बी. के. वर्मा (दुर्ग) एवं श्री आर. एन. ताटी (बस्तर) को राष्ट्रीय महामंत्री, श्रीमती द्रौपदी यादव (पत्थलगांव, जशपुर) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री टी. पी. सिंह (भिलाई) को राष्ट्रीय संगठन मंत्री तथा श्री अनिल गोल्हानी (रायपुर) को राष्ट्रीय मंत्री चुना गया।

इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ राज्य से परमेश्वर स्वर्णकार चांपा ,पी. आर. साहू (दुर्ग), एम. एन. पाठक (रायपुर), श्रीमती जयमनी ठाकुर, श्रीमती कुन्ती राणा, श्री सुरेश चंद्र श्रीवास्तव (कांकेर) एवं बी. एस. दसमेर (रायपुर) को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
यह जानकारी महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्री वीरेन्द्र नामदेव ने देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक अधिवेशन में देश के 22 राज्यों से 1000 से अधिक पेंशनर प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे यह अधिवेशन राष्ट्रीय स्तर का एक सशक्त और प्रभावी मंच बन सका।

दो दिवसीय अधिवेशन के दौरान पेंशनरों से जुड़े ज्वलंत, दीर्घकालिक एवं नीतिगत मुद्दों पर गंभीर, सार्थक एवं निर्णायक चर्चा हुई। प्रमुख मांगों में केंद्र सरकार द्वारा घोषित महंगाई भत्ता/महंगाई राहत (डीए/डीआर) को सभी राज्यों में समान तिथि एवं समान दर से तत्काल लागू करने की मांग प्रमुखता से उठी।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 को समाप्त कर वर्षों से चले आ रहे वित्तीय विवाद का स्थायी समाधान, वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराया रियायत की पुनर्बहाली, राजस्थान मॉडल की तर्ज पर मासिक मेडिकल भत्ता एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा, तथा पेंशनरों को आयकर से पूर्ण छूट जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
अधिवेशन में पेंशनर के निधन पर न्यूनतम 20,000 रुपये की अंतिम संस्कार सहायता, आठवें वेतन आयोग में सभी पेंशनरों का पूर्व की भांति पेंशन पुनरीक्षण, रेल एवं बस सेवाओं में वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा रियायत, हवाई यात्रा में रियायत, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) की न्यूनतम पेंशन 10,000 रुपये प्रतिमाह, तथा प्रत्येक चार वर्ष में पेंशनरों के लिए भारत भ्रमण (एलटीसी) सुविधा बहाल करने जैसे प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस देश के 22 राज्यों से आए महासंघ के राज्य अध्यक्षों एवं महामंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों में पेंशनरों की स्थिति, समस्याओं, आंदोलनों एवं सरकारी नीतियों पर आधारित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। इन प्रतिवेदनों से राज्यों में पेंशनरों की वास्तविक स्थिति, प्रशासनिक उदासीनता एवं लंबित मांगों की स्पष्ट तस्वीर सामने आई।
अधिवेशन को महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सी. एच. सुरेश (केरल), राष्ट्रीय महामंत्री श्री बी. एस. हाडा (राजस्थान), श्रीमती गीता भारद्वाज, श्री बी. के. वर्मा (छत्तीसगढ़), श्री घनश्याम शर्मा (हिमाचल प्रदेश) तथा श्री भीम सेन सागर (उत्तर प्रदेश) ने संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी तथा राष्ट्रीय स्तर पर संगठित, शांतिपूर्ण एवं सशक्त आंदोलन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
अधिवेशन के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी संदेश “आत्मनिर्भर भारत” एवं “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें देश के आर्थिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
महासंघ ने विश्वास व्यक्त किया कि अयोध्या धाम की पावन भूमि पर आयोजित यह राष्ट्रीय अधिवेशन पेंशनरों के अधिकार, सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान के साथ-साथ भावी राष्ट्रीय रणनीति के निर्धारण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं निर्णायक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
अंत में राष्ट्रगान “जन मन गण” के सामूहिक गायन के साथ यह ऐतिहासिक राष्ट्रीय अधिवेशन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31