देहरादूनः राजधानी देहरादून में बृहस्पतिवार को भीषण हादसा हुआ है। जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर दीवार तोड़कर घर में घुसा है। हादसे में इंजीनियर की बेटी की मौत हुई है। जबकि एक किशोर घायल हुआ है। बताया गया कि वाहन भाजपा नेता का भतीजा चला रहा था। वह सेलाकुई से बहादुरपुर की ओर आ रहा था। इस घटना के बाद चालक मौके पर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सेलाकुई थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में हुई है। जहां बृहस्पतिवार को एक तेज रफ्तार वाहन दीवार तोड़कर घर में घुस गया। वाहन की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और एक किशोर भी घायल हुआ है। आनन-फानन में घायल बच्ची को धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान इंजीनियर की बेटी (1.5 वर्ष) ताशी गुप्ता की मौत हो गई। जबकि वेदांश (16) को हल्की चोटें आई है। वाहन लक्खनवाला निवासी भाजपा नेता का भतीजा चला रहा था।
इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। बताया गया कि बच्ची के पिता इंजीनियर है। मासूम परिजनों की इकलौती संतान थी। बेटी की अचानक मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














