राजस्थान के सिरोही में रेवदर क्षेत्र के मंडार थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से करीब 6 किलो से अधिक सोने की ज्वेलरी बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. बरामद ज्वेलरी के संबंध में आरोपियों द्वारा कोई बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया. ज्वेलरी की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है.

मंडार थाना अधिकारी सीआई प्रवीण आचार्य ने बताया कि शनिवार शाम टोल नाके के पास एएसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान रेवदर की ओर से आ रही एक टाटा नेक्सन कार को रोककर पूछताछ की गई. कार में सवार तीनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया. इसके बाद वाहन की सघन तलाशी ली गई.

13डिब्बों में भरी मिली सोने की ज्वेलरी

तलाशी के दौरान कार में रखे थैलों में प्लास्टिक के 13 डिब्बे मिले. जब इन डिब्बों को खोला गया तो उनमें भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी बरामद हुई. ज्वेलरी में अंगूठियां, टॉप्स, मंगलसूत्र और चेन सहित विभिन्न आभूषण शामिल थे. पुलिस ने जब आरोपियों से ज्वेलरी के संबंध में बिल या अन्य वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके.

अहमदाबाद निवासी हैं तीनों आरोपी

इस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में कार चालक मोहनलाल पुत्र गोवाराम रबारी निवासी साइन सिटी अहमदाबाद, सेल्समैन दिलीप कुमार पुत्र रतीलाल घांची निवासी मोहब्बत नगर हाल अहमदाबाद तथा सुरेश कुमार पुत्र शंकरलाल घांची निवासी मोहब्बत नगर हाल अहमदाबाद शामिल हैं. तीनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

6किलो319ग्राम ज्वेलरी जब्त,कीमत करोड़ों में

पुलिस ने देर रात जब्त की गई ज्वेलरी का वजन करवाया, जिसमें कुल वजन 6 किलो 319 ग्राम पाया गया. इतनी बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी की कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है. फिलहाल पुलिस ज्वेलरी के स्रोत और इसके परिवहन के उद्देश्य की गहन जांच कर रही है.

24मार्च से सप्लाई पर निकले थे आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुद को ज्वेलर्स व्यवसाय से जुड़ा बताया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे 24 मार्च को अहमदाबाद से ज्वेलरी की सप्लाई के लिए निकले थे. यात्रा के दौरान वे उदयपुर, चारभुजा, कांकरोली, सिरोही और आबू रोड सहित विभिन्न स्थानों पर गए और इसके बाद वापस गुजरात लौट रहे थे.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी बिना वैध दस्तावेजों के किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ज्वेलरी का स्रोत क्या है और इसमें किसी प्रकार की अवैध गतिविधि तो शामिल नहीं है. मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031