नागपुर: देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र के नागपुर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने नागपुर के रेशीमबाग स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय के पास ने विस्फोटक बरामद किया है। जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर समेत भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद नागपुर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार RSS मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर दूर एक घर से जिलेटिन स्टिक, 58 डेटोनेटर, कई कनेक्टर और 15 जिंदा कारतूस समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है।
नागपुर में फैली दशहत, पुलिस अलर्ट
विस्फोट की बरामदगी के बाद नागपुर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी। घर के मालिक ने ही इन विस्फोटकों को देखा और सुबह करीब 9:45 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक टीमों को तुरंत मौके पर तैनात कर दिया गया। पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया और यह सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत तलाशी अभियान चलाया गया कि कहीं कोई और विस्फोटक उपकरण तो मौजूद नहीं है।
ग्रेनेड अटैक के बाद मिला विस्फोटक
नागपुर स्थित RSS मुख्यालय, जो कि एक अति-सुरक्षित और संवेदनशील प्रतिष्ठान है। यही वजह है कि उसके इतने करीब विस्फोटक मिलने की इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। यह घटना चंडीगढ़ में बीजेपी कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। इस घटना ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं को और बढ़ा दिया था। चड़ीगढ़ की घटना में कथित तौर पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने पार्टी कार्यालय परिसर में ग्रेनेड फेंका था, जिससे इमारत को नुकसान तो पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। उस हमले के बाद पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया गया था और कई राज्यों में राजनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।



















