नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन तेज हो गया है. सैकड़ों मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं और गाडि़यों में तोड़फोड़ शुरू कर दी है. बड़ी संख्या में आज सुबह से एक बार फिर मजदूर प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस मजदूरों को शांत करवाने में जुटी हुई है, लेकिन मजदूर उग्र होते नजर आ रहे हैं. नोएडा के फेज-2 इलाके में प्रदर्शनकारी मजदूर ज्‍यादा ही उग्र हो गए और उन्‍होंने एक पुलिस जीप में तोड़फोड़ की है. ऐसे में पुलिस ने हल्‍का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारी मजदूरों को तितर-बितर किया.

नोएडा में जारी मजदूरों के विवाद के बीच में मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश श्रम विभाग के अधिकारियों के संग बैठक कर रहे हैं. इस बैठक में घटनाक्रम के विषय में जानकारी ली जा रही है. बता दें कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने प्रशासन को सख्‍त निर्देश दिया है कि जल्‍द से जल्‍द कर्मचारियों की समस्‍याओं को सुलझाया जाए. इसके लिए कंपनी के अधिकारियों से लेकर मजदूरों तक से बातचीत की जाए. साथ ही उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्‍त कदम उठाए जाएं.  

नोएडा में मजदूरों के उग्र प्रदर्शन के कई वीडियो सामने आ रहे हैं. नोएडा फेस-2 के एक वीडियो में उग्र मजदूर पुलिस वेन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं. मजदूरों ने पुलिस पुलिस वेन को पलट दिया और उसमें आग लगा दी. मजदूर जमकर पथराव करते हुए भी नजर आ रहे हैं. बता दें कि वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नोएडा में मजदूर पिछले कुछ दिनों से उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे लेकर योगी प्रशासन भी अब अलर्ट हो गया है. 

“उत्‍तर प्रदेश में हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय, सुरक्षित कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित होनी चाहिए. औद्योगिक इकाइयां श्रम कानूनों का अक्षरशः पालन करें, श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए. सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरण अगले 24 घंटे के भीतर औद्योगिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों और इकाई प्रबंधन से सीधा संवाद स्थापित करें, ताकि समस्‍या का समाधान जल्‍द से जल्‍द किया जाए. श्रम विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी प्रकार की औद्योगिक इकाइयों से सतत संवाद स्थापित करें. श्रमिकों के नाम पर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें, औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाएं. देश में मृतप्राय नक्सलवाद को पुनर्जीवित करने की साजिश से सावधान रहें. भड़काऊ गतिविधियों पर रखें कड़ी नजर.” यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ

जिलाधिकारी का कहना है कि श्रमिकों के अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले में औद्योगिक शांति बनी रहे. साथ ही, जो श्रमिक काम करना चाहते हैं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा.

बताया जा रहा है कि नोएडा प्रशासन ने रविवार को प्रदर्शनकारी मजदूरों की ज्‍यादातर मांगे स्‍वीकार कर ली थी. इनमें 10 तारीख को सैलरी, ओवरटाइम, फैक्ट्रियों में सीसीटीवी कैमरे जैसी मांगें शामिल हैं. लेकिन इसके बावजूद आज फिर क्‍यों मजदूर सड़कों पर उतार आए, ये बात समझ नहीं आ रही है. 

यूपी के गौतम बुद्ध नगर में पिछले तीन दिनों से जारी श्रमिकों के उग्र आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं. जिलाधिकारी मेधा रूपम ने रविवार को उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की, जबकि सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर, जोनल और ‘स्टेटिक मजिस्ट्रेट’ की तैनाती की गई है. कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. 

गौरतलब है कि शनिवार को थाना फेस-2, फेस-3 और ईकोटेक-3 क्षेत्रों में श्रमिकों ने उग्र प्रदर्शन किया था. कई स्थानों पर पथराव की घटनाएं हुईं, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए. पुलिस कार्रवाई में भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है जबकि एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने की चर्चा है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930