पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है। ऐसे में राजनीतिक दलों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में भाजपा नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर 24 परगना के दमदम उत्तर क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी और उनकी पार्टी TMC पर जमकर हमला बोला है।
उन्होंने कहा, ‘आज पूरा बंगाल सिंडिकेट से परेशान है । अगर आपको सीमेंट खरीदना है, तो आपको सिंडिकेट को पैसे देने होंगे। अगर आपको ईंटें खरीदनी हैं, तो आपको सिंडिकेट को पैसे देने होंगे। अगर आपको रेत खरीदनी है, तो आपको सिंडिकेट को पैसे देने होंगे … लेकिन दमदम के लोगों, मेरा वादा याद रखना, 5 तारीख के बाद, सिंडिकेट के सदस्य बंगाल छोड़कर पलायन कर जाएंगे।’
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य में उद्योगों का पतन तृणमूल कांग्रेस सरकार के कारण हुआ है। उन्होंने कहा, ‘दीदी की वजह से उद्योग चले गए और BJP की वजह से ये सिंडिकेट के गुंडे बंगाल से भाग जाएंगे।’ बाबरी मस्जिद पर अमित शाह ने कहा, ‘ममता बनर्जी हुमायूं कबीर का नाम लेकर बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती हैं। चिंता मत कीजिए, मैं यह साफ़-साफ कह रहा हूं, ममता दीदी, आप जितनी मर्जी कोशिश कर लें, BJP बंगाल में बाबरी मस्जिद नहीं बनने देगी।’
‘ममता सरकार में बंगाल की बेटियां असुरक्षित’
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए अमित शाह ने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज और दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज जैसे संस्थानों में हुई घटनाएं राज्य की खराब कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, ‘ममता सरकार में बंगाल की बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हो गई हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि रात में महिलाओं की आवाजाही पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी ‘शर्मनाक’ है। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं वादा करता हूं कि 5 मई के बाद जब कोई छोटी बच्ची स्कूटर पर बाहर निकलेगी, तो उसे किसी भी गुंडे की बुरी नजरों का सामना नहीं करना पड़ेगा।’
‘सोनार बांग्ला’ के सपने को करें साकार: भाजपा
राज्य के लिए नई शुरुआत का वादा करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करने के लिए काम करेगी, जो बंगाल की सांस्कृतिक और राजनीतिक विरासत से जुड़ी परिकल्पना है। उन्होंने कहा, ‘लंबे समय बाद, बंगाल में सुशासन की शुरुआत होने जा रही है… जहां माताओं और बहनों को कोई डर नहीं होगा।’ मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने ने कहा, ‘हम बंगाल की माताओं, बहनों और बेटियों को भय से मुक्त करने के लिए काम करेंगे। 29 तारीख को आप सभी को अपना वोट डालना होगा… ताकि घुसपैठियों से मुक्त बंगाल का निर्माण हो सके।’
दो चरणों में पश्चिम बंगाल चुनाव
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को होनी है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटें शामिल हैं।



















