राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभांठा इलाके में मितानिन के मकान से देसी बम मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम बीरगांव के रावाभांठा स्थित वार्ड नंबर-13 में मौके पर पहुंची। टीम ने बम डिफ्यूज किया और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को बैटरी, वायर, एयरगन, लिक्विड केमिकल और डेटोनेटर जैसे सामान मिले। ये सभी सामान एक बैग में रखा हुआ था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि रावाभांठा के रविशंकर शुक्ल वार्ड-13 में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। मितानिन पुष्पा साहू और आरोपी विनय देवांगन का जमीन लेनदेन के चलते पुराना परिचय है। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे आरोपी विनय देवांगन पुष्पा साहू के घर आया। उसने एक बैग पुष्पा को दिया और कहा कि वह इसे सुबह आकर इसे ले जाएगा। पहले मितानिन ने बैग लेने से मना किया, लेकिन विनय ने कहा कि इसमें कुछ जरूरी कागजात हैं और वह सुबह 10 बजे इसे ले जाएगा। इसके बाद पुष्पा ने बैग रख लिया।

विनय के जाने के बाद पुष्पा को शक हुआ कि इसमें संदिग्ध सामग्री हो सकती है। इसलिए उसने वार्ड पार्षद को फोन किया। पार्षद रात में पुष्पा के घर पहुंचे, सामान देखा और कहा कि इसे सुबह पुलिस की मौजूदगी में खोला जाएगा। इसके बाद वह लौट गए।

सुबह पहुंची पुलिस, दोपहर तक पूरा इलाका छावनी बना

गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे पार्षद खमतराई पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में बैग खोला गया। बैग से बोतल बम, एयरगन सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, एफएसएल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सामग्री की जांच कर सैंपल लिए गए और करीब ढाई बजे बम को डिफ्यूज किया गया। साथ ही विनय के घरवालों और पुष्पा को बयान के लिए थाने ले जाया गया।

मितानिन से कहा- ‘कपड़े हैं, … कल आकर ले जाऊंगा’ पुष्पा साहू ने बताया कि विनय जमीन दलाल है और उससे उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, तभी से परिचय है। बुधवार 6 मई की शाम करीब 7:30 बजे विनय घर आया। वह बाहर चबूतरे पर बैठी थीं। विनय ने कहा कि अंदर चलो, कुछ बात करनी है। अंदर जाकर उसने एक बैग दिया और कहा कि इसे रख लो, वह कल आकर ले जाएगा।

पत्नी बोली- 16 अप्रैल से ही घर नहीं आ रहा पति विनय भास्कर टीम आरोपी के घर पहुंची, जहां उसकी पत्नी और बेटा मौजूद थे। पत्नी गिरजा ने बताया कि विनय 16 अप्रैल से घर नहीं आया है। वह 16 अप्रैल को सांकरा में एक परिचित की शादी में गया था, इसके बाद वापस नहीं लौटा। तब से उसका फोन भी बंद है। वाट्सएप पर आखिरी बार 23 अप्रैल को एक्टिव दिखा।

महापौर ने कहा- मुझे भी बम से उड़ाने की धमकी दी आरोपी विनय देवांगन बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला है। हालांकि महापौर ने उससे किसी भी तरह के संपर्क से इनकार किया है। नंदलाल देवांगन ने बताया कि विनय उनका साला जरूर है, लेकिन पिछले 20 वर्षों से उनके बीच कोई संपर्क नहीं है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

प्रारंभिक जांच में लो-ग्रेड फायर क्रैकिंग मटेरियल मिला है। दो प्लास्टिक बोतलें, एक कांच की बोतल, उससे जुड़े वायर और स्विच मिले हैं, जिससे यह एक सर्किट जैसा सिस्टम प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मितानिन पुष्पा और विनय के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। -मयंक गुर्जर, डीसीपी, नॉर्थ जोन रायपुर

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031