सासाराम में आयोजित डिज्नीलैंड मेले में 15 मई, 2026 शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया. यहां डिज्नीलैंड मेले में झूला टूटने से कई लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे में झूले पर सवार कई लोग जमीन पर आ गिरे, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
घायलों में एक 10 वर्ष का बच्चा धीरज कुमार के अलावा 32 वर्ष की श्वेता सिंह और एक महिला सीमा देवी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. इनका सासाराम के सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. बता दें कि मेला में घूम रहे कई अन्य लोगों को भी चोट आई है. सासाराम के मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है. प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि कुछ लोग जो मेला में घूम रहे थे, उन लोगों को भी छोटे आई हैं.
इससे पहले तक बिहार में पुलों के टूटने का सिलसिला थमा नहीं था कि अब इस हादसे से बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या सिस्टम को, सरकार को और प्रशासन को आम लोगों के जान की रत्ती भर भी परवाह नहीं है. अपने जान की सुरक्षा के लिए तो गार्ड, गनर से लेकर बुलेट प्रूफ गाड़ियों तक का इंतजाम कर लेते हैं लेकिन, आम जनता के जान की सुरक्षा के साथ इतनी बेरुखी क्यों दिखाया जाता है. जब सरकार से लेकर पुलिस और प्रशासन तक सब जनता की सेवा और बेहतर सुविधा के लिए है तो फिर आखिर चूक कहां हो रही है जब जनता महाकुंभ जैसे भगदड़ में मारी जाती है, अचनाक पुलों के गिर जाने, धंस जाने से लोगों की जान चली जाती है. अब झूला टूटने से बड़ा हादसा हो गया. आखिर कौन है इन हादसों का जिम्मेदार और ये किसकी जवाबदेही है?



















