दुर्ग – शहर में गहराते जल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था, बिजली समस्या, लंबित पेंशन और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक निगम कार्यालय पहुंचे और शहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पानी की समस्या को लेकर कांग्रेसियों ने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हो गई। पुलिस प्रशासन ने घेराव को रोकने के लिए निगम कार्यालय के बाहर दो से तीन लेयर की बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारी एक बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए, जिसके बाद कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शहर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पिछले लगभग छह माह से हितग्राहियों को नहीं दी गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर के कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और जहां पानी मिल रहा है वहां कम दबाव और दूषित पानी की शिकायतें हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को भी पूरी तरह चरमराई हुई बताते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश और शहर दोनों स्तर पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है तथा विकास कार्य ठप पड़े हैं।

प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले ने कहा कि शहर में समय पर कचरा उठाव नहीं हो रहा है, जिससे कई स्थानों पर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। विशेष रूप से रविशंकर स्टेडियम और धमधा नाका ओवरब्रिज के आसपास हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। साथ ही नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए उन्होंने एसओआर दर से अधिक के टेंडरों को निरस्त करने की मांग की।

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि दुर्ग शहर की जनता को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तरसना नगर निगम की विफल कार्यप्रणाली को दर्शाता है। वहीं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन निगम प्रशासन उदासीन बना हुआ है।

प्रदर्शन में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031