बलौदा बाजार के लवन रोड स्थित किराना दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. घटना में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया. आग पर काबू पाने के लिए 10 दमकल की गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं. यह आग बुधवार-गुरुवार रात तीन बजे से लगी है.
किराना दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, बलौदा बाजार के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स नाम से है दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई. आग की लपटे इतनी तेज थी कि आस पास के इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कड़ी मशक्कत कर रही है. हालांकि आग बुझाने पहुंची बलौदा बाजार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को धक्का देकर स्टार्ट करनी पड़ी, इसलिए रायपुर से फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया जा रहा है.
तेल-घी के पीपों की वजह से तेजी से फैली आग
जानकारी के मुताबिक, गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य किराना सामान रखा हुआ था. वहीं ज्वलनशील सामान होने की वजह से आग तेजी से फैल गई. बता दें कि गोदाम में तेल के टीन समेत लाखों रुपये के भरे किराना का सामान जलकर राख हो गया. वहीं आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया… शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही. सूचना के बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है.



















