डेस्क : गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण शरीर से पसीने के जरिए पानी तेजी से बाहर निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। यही वजह है कि इस मौसम में भरपूर मात्रा में पानी पीने की सलाह दी जाती है। पर आजकल ज्यादातर लोग फिल्टर वॉटर का इस्तेमाल करते हैं। यह पानी हमें कई बीमारियों से बचाने में मदद करता है, लेकिन फिल्ट्रेशन की प्रक्रिया में पानी के कुछ नेचुरल मिनरल्स कम हो जाते हैं। कई बार स्वाद बदलने की वजह से लोग पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पी पाते, जिसका असर शरीर और स्किन दोनों पर दिखाई देने लगता है।
अगर आप भी सादा पानी कम पीते हैं, तो कुछ आसान चीजें पानी में मिलाकर उसके Absorption और स्वाद को बेहतर बना सकते हैं। इससे शरीर लंबे समय तक हाइड्रेट रहता है और गर्मियों में लू व डिहाइड्रेशन से बचाव भी हो सकता है।
खीरा और मिंट वाला पानी
गर्मियों में पानी में खीरे के टुकड़े और मिंट (पुदीना) की कुछ पत्तियां डालकर पीना बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसे बोतल में भरकर पूरे दिन इस्तेमाल किया जा सकता है। यह एक नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक की तरह काम करता है और शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है। साथ ही यह शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने और लू से बचाने में भी सहायक हो सकता है।
नींबू पानी
नींबू गर्मियों का सबसे लोकप्रिय और हेल्दी ड्रिंक माना जाता है। इसमें विटामिन C और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। अगर आप सादा पानी कम पीते हैं, तो पानी में नींबू मिलाकर पी सकते हैं। इससे पानी का स्वाद बेहतर हो जाता है और शरीर हाइड्रेट रहता है। नींबू पानी बॉडी को डिटॉक्स करने और गर्मी के असर को कम करने में भी मददगार माना जाता है।
चिया सीड्स वाला पानी
चिया सीड्स को पानी में भिगोकर पीना भी गर्मियों में फायदेमंद हो सकता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर में पानी बनाए रखने में मदद करता है और लंबे समय तक एनर्जी देता है। हालांकि इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। सुबह के समय चिया सीड्स वाला पानी पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
क्यों जरूरी है हाइड्रेशन?
शरीर में पानी की कमी होने पर थकान, चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द और स्किन ड्रायनेस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए गर्मियों में सिर्फ पानी पीना ही नहीं, बल्कि शरीर में पानी का सही तरीके से Absorption होना भी जरूरी है।
ध्यान रखें ये बातें
दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें
ज्यादा ठंडे पेय पदार्थों से बचें
बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें
ताजे फल और पानी से भरपूर चीजें डाइट में शामिल करें।
सही हाइड्रेशन न सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि गर्मियों में होने वाली कई समस्याओं से भी बचाने में मदद करता है।



















