नई दिल्ली – अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की, जहां उन्होंने ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ का भी दौरा किया। इस पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत की साझेदारी न केवल मजबूत नीतियों पर टिकी है, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की भावना पर भी आधारित है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ कोलकाता स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के दौरे के दौरान भारत-अमेरिका साझेदारी की गहरी नींव पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, कोलकाता में ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ के दौरे के लिए विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ शामिल हुआ। ऐसे पल हमें याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत की साझेदारी न केवल मजबूत नीतियों पर टिकी है, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की उस भावना पर भी आधारित है जो सीमाओं से परे है।
रूबियो का कोलकाता दौरा भारत के उनके चार-दिवसीय आधिकारिक दौरे की शुरुआत है। पिछले साल पदभार संभालने के बाद रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। वे शनिवार सुबह शहर में उतरे और पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अमेरिकी विदेश मंत्री इस दौरे के दौरान आगरा और जयपुर सहित भारत के कई शहरों की यात्रा करेंगे।



















