Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेडिकल कॉलेज की एक संविदा नर्स की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में मेडिकल कॉलेज के एक वार्ड बॉय और उसकी बहन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी बहन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पारिवारिक विवाद के बीच मायके में रह रही थी अंजलि
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अंजलि शर्मा (25) के रूप में हुई है, जो मेडिकल कॉलेज में संविदा नर्स थीं। पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने मायके में रह रही थीं। मेडिकल कॉलेज में कार्यरत वार्ड बॉय सूफियान से अंजलि की दोस्ती हो गई थी। सूफियान अविवाहित है और उसने करीब 5 महीने पहले ही मेडिकल कॉलेज में नौकरी शुरू की थी। हालांकि, पिछले 2 महीनों से वह काम पर नहीं जा रहा था।
ड्यूटी जाने के बजाय सूफियान के घर पहुंची नर्स
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह अंजलि ड्यूटी के लिए घर से निकली थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज जाने के बजाय वह सूफियान के घर पहुंची। आरोप है कि वहां सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर दुपट्टे से गला दबाकर अंजलि की हत्या कर दी। इसके बाद अंजलि के शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग के बाहर छोड़ दिया गया, जहां के कर्मचारियों ने अंजलि की पहचान कर उसके परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
अस्पताल के बाहर लाश मिलने से मचा हड़कंप
नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने शुक्रवार को बताया कि अपराह्न करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि एक महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर साजिदा की पहचान की गई और उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसके भाई सूफियान की संलिप्तता भी सामने आई है। भोसले ने कहा कि सूफियान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।



















