रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत होने वाले सामूहिक विवाह में अक्सर गरीब परिवार से जुड़े लोग, जो शादी का खर्च उठाने के काबिल नहीं होते, सात फेरे लिया करते हैं. लेकिन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू नजीर पेश करने जा रहे हैं.
विधायक दीपेश साहू बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा 31 मई को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ अन्य 23 जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे.
आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा के अलावा सांसद व केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अलावा अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे.
विधायक दीपेश साहू के सादगी से भरे विवाह को लेकर क्षेत्र में चल रही चर्चा के बीच जिला प्रशासन सामूहिक विवाह कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है.
बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होगा सामूहिक विवाह
31 मई को बेमेतरा नगर के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में एक विशाल और सामूहिक विवाह समारोह का गरिमामय आयोजन निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सहित क्षेत्र के कुल 24 जोड़े एक साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह सूत्र में बंधेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवा विधायक का यह सराहनीय कदम आधुनिक विवाह आयोजनों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची को पूरी तरह रोकने, सादगीपूर्ण जीवनशैली को बढ़ावा देने और शासकीय योजनाओं के प्रति आम जनता के बीच अटूट जागरूकता व विश्वास बढ़ाने के पावन उद्देश्य से उठाया गया है।



















