What's Hot

मंडी –हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने अब आफत का रूप ले लिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ कमजोर होकर दरकने लगे हैं और भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। इसी कड़ी में मंडी जिले के औट क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां औट स्थित शनि मंदिर के पास पहाड़ी से गिरे एक भारी पत्थर की चपेट में आने से एक 38 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान जिला सोलन के नालागढ़ निवासी सुखवीर काैर के रूप में हुई है। इस हादसे ने परिवार के साथ-साथ इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखवीर कौर अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रही थीं। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जब उन्हें उल्टी महसूस हुई, तो उन्होंने औट में शनि मंदिर के समीप कार रुकवाई और उल्टी करने के लिए गाड़ी से नीचे उतरीं। लगातार हो रही बारिश की वजह से वहां की पहाड़ियां काफी कमजोर हो चुकी थीं। बताया जा रहा है कि महिला जैसे ही कार से बाहर खड़ी हुई, तभी अचानक ऊपर पहाड़ी से एक भारी-भरकम पत्थर सीधा उनके ऊपर आ गिरा।

परिवार के सामने हुए इस अचानक हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची और लोगों की मदद से महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने सुखवीर कौर को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश और दरकते पहाड़ों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतें और भूस्खलन संभावित व संवेदनशील जगहों के आसपास वाहन खड़ा करने या रुकने से बचें।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31