बारामूला(रिजवान मीर): बारामूला जिले के जंगम पट्टन स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को 3 वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 6 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक डंपर, एक आल्टो-800 कार और एक स्कॉर्पियो की जंगम पट्टन में नेशनल हाईवे पर आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर भी बनी हुई है।



















