खन्ना/दोराहा –राष्ट्रीय राजमार्ग पर खन्ना के पास शनिवार तड़के कुछ ही दूरी के अंतराल पर हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक आठ वर्षीय बच्चे सहित छह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों हादसों की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल खन्ना पहुंचाया तथा क्रेन की सहायता से वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को पुनः सुचारू करवाया।

पहला हादसा तड़के करीब 2:03 बजे लुधियाना की ओर जाते समय बीजा के पास रॉयल टच होटल के निकट थाना सदर खन्ना क्षेत्र में हुआ। एस.एस.एफ. की ड्यूटी टीम, जिसमें ए.एस.आई. सुखविंदर सिंह, कांस्टेबल करणवीर सिंह और कांस्टेबल कंवरपाल सिंह शामिल थे, सूचना मिलने के बाद करीब 2:12 बजे मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार एक बोलेरो पिकअप (नंबर UK-17-CA-2889) का टायर फटने के कारण वह सड़क के बीचों-बीच खड़ी हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बोलेरो पिकअप (नंबर UK-08-CB-5475) उससे टकरा गई। इस हादसे में इशरार पुत्र गोपार, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीष (सहारनपुर), मोहम्मद इजहार (हरिद्वार), उमर (गोरखपुर), सोनू (गोरखपुर) तथा उजाकत पुत्र शमसीद अली (सहारनपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसी दौरान दूसरा हादसा खन्ना के पास खालसा पंप, भट्टियां के निकट हुआ। जानकारी के अनुसार एक सेंट्रो कार (नंबर DL-8CAA-6215), जिसे  जतिंदर कुमार पुत्र रमेश चंद, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) चला रहा था, का टायर पंचर होने के कारण कार सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी और सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में अमरदीप वर्मा पुत्र राजपाल वर्मा तथा विक्की, दोनों निवासी मुरादनगर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), की मौत हो गई, जबकि आरव वर्मा (8 वर्ष) पुत्र संदीप वर्मा, निवासी मुरादनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। एस.एस.एफ. की टीम ने घायल बच्चे तथा दोनों व्यक्तियों को तुरंत सिविल अस्पताल खन्ना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमरदीप वर्मा और विक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बच्चे का उपचार जारी है। दोनों हादसों के बाद एस.एस.एफ. की टीम ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को पुनः सुचारू रूप से चालू करवाया। पुलिस द्वारा दोनों मामलों की जांच की जा रही है। दूसरे हादसे में फरार अज्ञात ट्रक की तलाश के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930