देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की एंट्री होते ही प्रदेशभर से भूस्खलन और सड़कों के बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं। टिहरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 ए पर बुधवार शाम भूस्खलन से दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आ गए। एक पुराना खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे पूरे इलाके को खाली कराया गया है।

नीलकंठ महादेव मंदिर के समीप पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने से मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। उत्तरकाशी में नालूपानी समेत कई जगह बोल्डर आने से बंद हैं। प्रदेशभर में चार राज्य मार्ग समेत 70 सड़कें बंद होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। कल भी प्रदेश भर में भारी बारिश का अलर्ट है।

कद्दूखाल में भूस्खलन से दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में

टिहरी जिले के कद्दूखाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर बुधवार शाम भूस्खलन से दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आ गए। एहतियात के तौर पर दोनों रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली कराया गया। वहीं, भूस्खलन में एक पुराना खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि एक व्यक्ति द्वारा होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खोदाई के कारण पहाड़ी का हिस्सा दरक गया, जिससे भूस्खलन हुआ।

उत्तरकाशी में हाईवे बंद हो रहा

उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड की बड़ासु पट्टी के पांच दूरस्थ गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सांकरी-गंगाड़-ओसला मोटर मार्ग पर हलारा और पूर्ति नालों में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों का विकासखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित होने लगा है। यमुनोत्री हाईवे पर बड़कोट क्षेत्र में स्याना चट्टी में आए दिन हाईवे बंद हो रहा है। जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। मलबा हटाने के बाद भी दलदल में तब्दील सड़क पर जोखिम भरी आवाजाही बनी हुई है। उत्तरकाशी में नालूपानी में मलबा आने से मार्ग बार बार बंद हो रहा है।

पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने से मार्ग पर यातायात प्रभावित

नीलकंठ महादेव मंदिर के समीप पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने से मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से सावधानी बरतते हुए यात्रा करने की अपील की है।

दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका

उत्तराखंड में दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद हैं। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ और चंपावत में प्रशासन ने अवकाश घोषित किया है।कल 10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत एवं बागेश्वर जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31