बेंगलुरु : खुले पैसे नहीं है तो बस से उतर जाओ…सरकारी बसों में अक्सर यह लाइन सुनने को मिलती है। कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायरथी सुरेश को कंडक्टर ने कुछ इसी स्टाइल में उतर जाने को कहा। इतना ही नहीं एक जगह पर बस ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों के बस को रोका ही नहीं। यह सब घटनाएं मंत्री की आंखों में सामने हुई है। बेंगलुरु में बीएमटीसी बसों की स्थिति जांचने के लिए मंत्री जी खुद एक यात्री बने थे। बाद में उन्होंने यात्रियों के लिए बस को नहीं रोकने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया। परिवहन मंत्री ने शनिवार की रात को बसों में यात्रा की।
10 से ज्यादा BMTC बसों में यात्रा
डीके शिवकुमार की सरकार में परिवहन मंत्री का कामकाज संभाल रहे बायरथी सुरेश ने करीब 10 से ज्यादा बीएमटीसी की बसों में यात्रा की। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क लगा लिया था। मंत्री सुरेश बिनी किसी तामझाम के सिर्फ एक अपने सहयोगी के साथ गए थे। जिसने दूर से सिर्फ कुछ रिकॉर्ड के लिए वीडियो बनाए। मंत्री सुरेश को यात्रा के दौरान सच से सामना करना पड़ा।कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी सुरेश ने बेंगलुरु में दो टिकट के लिए 100 रुपये का नोट दिया, लेकिन कंडक्टर ने कहा कि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं। इसके बाद उसने मंत्री से बस से उतरने के लिए कह दिया, क्योंकि वो उन्हें पहचान नहीं पाया, क्योंकि मंत्री मास्क लगाए हुए थे। मंत्री ने बिना अपनी पहचान बताए बस से उतरना सही समझा।
मंत्री की मौजूदगी में क्या हुआ
- एक बस के यात्रियों के लिए नहीं रुकी। मंत्री ने बाद में ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया।
- एक दूसरी बस में खुले पैसे न होने की वजह से कंडक्टर ने उन्हें बस से उतरने के लिए कहा।
- एक अन्य घटना में ऑटो वाले ने मीटर के हिसाब से 30 रुपये के बजाय 36 रुपये मांगे।
एक्स पर साझा किए छोटे-छोटे वीडियो
मंत्री बायरथी सुरेश ने एक्स पर कुछ छोटे-छोटे वीडियो साझा करके लिखा है कि यात्रियों के अनुभव को खुद समझने के लिए बेंगलुरु में BMTC बसों में सफर करके अचानक फील्ड इंस्पेक्शन किया। सुरक्षित, भरोसेमंद और जवाबदेह पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुनिश्चित करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मंत्री के चेहरे पर मास्क लगाए होने के कारण उन्हें बस ड्राइवर और कंडक्टर नहीं पहचान पाए। बाद में जब मंत्री के होने का पता चला तो बीएमटीसी के स्टॉफ में हड़कंप मच गया।
कौन हैं बायरथी सुरेश
बायराथी सुरेश यानी बी सुरेश कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख नेता हैं। वह वर्तमान में कर्नाटक सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वह बेंगलुरु के हेब्बल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। जून 2026 में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व में बनी नई कैबिनेट में उन्हें परिवहन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। इससे पहले वह राज्य सरकार में शहरी विकास और नगर नियोजन मंत्री भी रह चुके हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। बेंगलुरु क्षेत्र की राजनीति और कांग्रेस संगठन में उनका काफी अच्छा प्रभाव है।



















