कवर्धा – पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक भावना बोहरा ने मंगलवार को इन्दौरी क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा, झिरौनी और केसली में 1 करोड़ 07 लाख 19 रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दो गौरव पथ, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, भूमि समतलीकरण, शिव मंदिर जीर्णोद्धार सहित विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया तथा प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। विधायक भावना बोहरा द्वारा इन विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक अधोसंरचना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्रवासियों ने विधायक भावना बोहरा का स्वागत करते हुए इन विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों से गांवों के सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं आधारभूत विकास को नई दिशा मिलेगी।
विधायक भावना बोहरा ने ग्राम कोसमंदा में सीसी रोड और नाली निर्माण सहित 31 लाख 17 हजार एवं 23 लाख 3 हजार की लागत से निर्मित होने वाले दो गौरव पथ, 16 लाख रुपए की लागत से गौठान व स्कूल का समतलीकरण, 5 लाख रुपए की लागत से शनि मंदिर का जीर्णोद्धार तथा ग्राम झिरौनी में 11 लाख 69 हजार रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम केसली में 20 लाख 30 हजार रुपए की लागत से निर्मित शासकीय प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को इन विकास कार्यों के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही विकसित पंडरिया की आधारशिला है। गांव तभी आगे बढ़ेंगे जब वहां मजबूत सड़कें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सामाजिक अधोसंरचना और सांस्कृतिक-धार्मिक स्थलों का संरक्षण समान रूप से सुनिश्चित होगा। गांवों में बनने वाले गौरव पथ आवागमन को सुगम बनाकर स्थानीय विकास को नई गति देंगे। वहीं आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा वातावरण को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण हमारी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। कुछ ही दिनों में सावन माह शुरू होने वाला है और शिव मंदिर के जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गांवों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और सशक्त होगी। प्राथमिक शाला भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा शिक्षा मिलेगी। इसके साथ ही बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा का वातावरण मिलेगा और वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार होंगे। हमारी प्राथमिकता है कि गांव का प्रत्येक बच्चा बेहतर शिक्षा प्राप्त करे और उसे शहरों जैसी सुविधाएं अपने गांव में ही उपलब्ध हों। पंडरिया विधानसभा का प्रत्येक गांव मेरे परिवार का हिस्सा है। हमारा प्रयास केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव को सुविधाओं से परिपूर्ण, आत्मनिर्भर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सड़क, शिक्षा, धार्मिक स्थल, सामाजिक भवन और आधारभूत सुविधाएं किसी भी गांव की प्रगति का आधार होती हैं। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य करते हुए गांव-गांव तक विकास पहुंचा रही है। आने वाले समय में भी पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों की यह गति और तेज होगी तथा जनआकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए पंडरिया विधासनभा को हम समृद्ध बनाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, वीरेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, मंडल महामंत्री राजू चंद्रवंशी, मनोज बंजारे, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमति शैल बंजारे, सरपंच डोमन कोसले, सरपंच अरविंद चंद्रवंशी, मनोज राजपूत, प्रवीण ठाकुर, कुंभकार सिन्हा, उमेश्वर साहू, तीरथराम सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



















