रायपुर-राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कृषि महाविद्यालय, रायपुर के सेमिनार हॉल में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से राष्ट्रीय सेवा योजना के लगभग 80 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित, कारगिल युद्ध के वीर योद्धा एवं भूतपूर्व सैनिक सुबेदार मेजर श्री गोवर्धन शर्मा थे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबुही निषाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम कुमार ठाकुर, डॉ. पायल जायसवाल एवं डॉ. आशुतोष दुबे भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को देश की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता की रक्षा हेतु राष्ट्रीय संकल्प (शपथ) अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा द्वारा दिलाया गया।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सुबेदार मेजर श्री गोवर्धन शर्मा ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारतीय सैनिकों ने अत्यंत विषम एवं दुर्गम परिस्थितियों में अदम्य साहस, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए शत्रुओं का डटकर सामना किया। उन्होंने युद्ध के दौरान अनेक वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान एवं घायल जवानों के साहस का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी मुख्य अतिथि से संवाद कर उनके अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त की।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने अपने संदेश में छात्र-छात्राओं से राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने, देश के प्रति समर्पित रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध सहित देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मौन रहकर वीर शहीदों के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके त्याग एवं बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबुही निषाद ने सभी अतिथियों, कार्यक्रम अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के उद्घोष के साथ हुआ।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930