रायपुर –  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की लपटों ने बार, हार्डवेयर दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले एक हार्डवेयर दुकान में लगी, जिसके बाद तेजी से फैलकर ऑक्टोपस बार समेत आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से सामने खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं।

बारिश के बावजूद नहीं थमी आग
घटना देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई, जब शहर में तेज बारिश हो रही थी। इसके बावजूद आग इतनी विकराल थी कि दमकल कर्मियों को उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार पानी की बौछारों के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि सुबह तक मौके से धुआं उठता रहा।

होटल में ठहरे लोगों ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। आग से प्रभावित दुकानदार बॉबी तोलानी ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरा परिसर आग की चपेट में आ चुका था। वहीं, होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग हार्डवेयर दुकान से शुरू होने की जानकारी मिली है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

नुकसान का आकलन जारी

रायपुर जिला प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930