मोगा :  मलेशिया में एक पंजाबी युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती पंजाब के मोगा की रहने वाली बताई जा रही है। कुछ दिन पहले मलेशिया के एक हाईवे पर उसके साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद से युवती का कोई सुराग नहीं मिल रहा है और उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है।

युवती की नानी ने वीडियो जारी कर सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपनी दोहती को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है। नानी के मुताबिक, युवती की मां की पहले ही मौत हो चुकी है और उन्होंने ही उसे पाल-पोसकर बड़ा किया। युवती विदेश जाकर काम करना चाहती थी, इसलिए करीब तीन साल पहले उसे मलेशिया भेजा गया था। नानी ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी दोहती मलेशिया में किन लोगों के साथ रह रही है। परिवार को उम्मीद थी कि वह विदेश में काम करके अपना भविष्य बनाएगी और बाद में उसकी शादी अच्छे परिवार में कर दी जाएगी।

पाकिस्तानी युवक के साथ होने पर मारपीट का दावा

परिवार को अब लोगों के जरिए पता चला कि मलेशिया में युवती को कुछ युवकों ने कथित तौर पर पाकिस्तानी युवक के साथ घूमने को लेकर घेर लिया था। इसी दौरान उसके साथ मारपीट और थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया। वीडियो में कुछ पंजाबी युवक सड़क पर युवती से बहस करते और उसे थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। युवकों की पाकिस्तानी युवक के साथ भी धक्का-मुक्की होती दिखाई देती है। वीडियो सामने आने के बाद दावा किया गया कि युवती मोगा की रहने वाली है और मलेशिया में पाकिस्तानी युवक के साथ रह रही थी।

झगड़े के बाद पुलिस ने युवकों से की पूछताछ

बताया जा रहा है कि हाईवे पर हुए विवाद के बाद मलेशिया पुलिस ने मामले में शामिल कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। वीडियो में विवाद का संबंध पैसों के लेन-देन से भी जोड़ा जा रहा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सामाजिक संस्था ने पुलिस को दी शिकायत

मलेशिया में पंजाबी समुदाय की मदद करने वाली समाजसेवी रूबीना की संस्था ने युवती के लापता होने को लेकर स्थानीय पुलिस से शिकायत की है। संस्था की ओर से युवती को सुरक्षित सामने लाने की अपील की गई है। रूबीना ने कहा कि युवती जिस भी व्यक्ति या समूह के संपर्क में है, उसे सुरक्षित तरीके से सामने लाया जाए ताकि उसे उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके। फिलहाल युवती का फोन बंद है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार को आशंका है कि हाईवे पर हुए विवाद के बाद से लापता युवती के साथ कोई अनहोनी न हुई हो।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930