देहरादून: उत्तराखंड में चमोली जिले की नीती घाटी को जोड़ने के लिए तमक नाले पर बना ‘बेली ब्रिज’ सोमवार शाम अतिवृष्टि के कारण नाले में आई बाढ़ के साथ बह गया जबकि इस दौरान सीमा सड़क संगठन (BRO) का एक वाहन चालक भी पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

तमक नाले में आई बाढ़ का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के साथ निचले क्षेत्रों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इस पुल के बह जाने से तमक से आगे जुम्मा से लेकर नीती समेत करीब 12 गांव और सीमा क्षेत्र का सड़क संपर्क टूट गया है। पिछले कई वर्षों से तमक नाले में बाढ़ और भूस्खलन के कारण जोशीमठ-नीती मोटर सड़क बाधित होती रही है। तमक नाले में बाढ़ के मलबे के कारण अनेक बार उसके समीप स्थित धौली गंगा में अवरोध उत्पन्न हुआ है।

चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एन के जोशी ने बताया कि ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) से सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाले मलारी-नीति राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना बेली ब्रिज तमक नाले की बाढ़ में बह गया है। उन्होंने बताया कि बीआरओ की ओर से वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है और एक-दो‌ दिन में आवागमन की व्यवस्था हो जाएगी। ज्योतिर्मठ के तहसीलदार महेंद्र आर्य ने मीडिया को बताया कि तमक नाले में आई बाढ़ में बीआरओ का एक वाहन चालक भी बहकर लापता हो गया। उन्होंने बताया कि लापता चालक का नाम पंकज है जो नदी की बाढ़ का अवलोकन करते समय अचानक बहे पुल की चपेट में आकर बह गया। उन्होंने बताया कि पंकज पिथौरागढ़ जिले का रहने वाला है। इसके अलावा, नाले में आयी बाढ़ में एक वाहन भी बह गया है।        

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930