शेखपुरा। मरीजों को लाने-ले जाने वाली सरकारी एंबुलेंस का उपयोग शराब की तस्करी में किया जा रहा था। पुख्ता और गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग ने इस सरकारी एंबुलेंस को 10 कार्टन अंग्रेजी शराब के साथ जब्त किया है। इस कार्रवाई में एंबुलेंस चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
शेखपुरा जिले में सरकारी एंबुलेंस से शराब जब्त किए जाने का यह पहला मामला है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के दौरान कथित रूप से कुछ लोगों और उत्पाद टीम के बीच हाथापाई होने की भी सूचना है, जिसके चलते कुसुंभा थाने की पुलिस को भी बुलाना पड़ा।
यह कार्रवाई बुधवार की देर शाम शेखपुरा उत्पाद थाने की टीम ने नवादा जिले की सीमा से सटे शेखपुरा के पश्चिमी क्षेत्र में शेखपुरा-शाहपुर सड़क पर प्रभुबीघा गांव से एक किलोमीटर आगे टाटी पुल के पास की। इस कार्रवाई के दौरान एंबुलेंस के चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए उत्पाद विभाग की टीम को कुचलने का भी प्रयास किया।
लखीसराय का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
उत्पाद थाने के थानाध्यक्ष अमित आनंद ने बताया कि जब्त सरकारी एंबुलेंस नवादा जिले के वारिसलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की है तथा गिरफ्तार किया गया चालक प्रमोद कुमार, लखीसराय जिले के रामगढ़ थाने के औरे गांव का रहने वाला है।
बुधवार की देर शाम अंग्रेजी शराब की इस बड़ी खेप के साथ एंबुलेंस शाहपुर मोड़ (नवादा) की तरफ से शेखपुरा आ रही थी। एंबुलेंस से जब्त किए गए 10 कार्टन में शराब की 120 बोतलें हैं, जिनकी मात्रा लगभग 90 लीटर बताई गई है। शराब लेकर शेखपुरा की तरफ आ रही एंबुलेंस पुलिस तथा आम लोगों को गुमराह करने के लिए आपातकालीन हूटर भी बजा रही थी।
उत्पाद विभाग गिरफ्तार एंबुलेंस चालक से पूछताछ करके यह पता करने का प्रयास कर रहा है कि शराब की यह खेप वारिसलीगंज में कहाँ से आ रही थी और शेखपुरा में कहाँ भेजी जा रही थी। शराब तस्करी के इस पूरे गिरोह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



















