बीजेपी सांसद और पूर्व आम आदमी पार्टी नेता स्वाति मालीवाल ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मालीवाल ने दावा किया कि केजरीवाल ने दिल्ली में करीब 10 साल तक भ्रष्टाचार की दुकान चलाई और अब पंजाब में भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर दिया है। बीजेपी सांसद मालिवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते जानबूझकर किसी भी मंत्रालय का प्रभार अपने पास नहीं रखा, ताकि किसी घोटाले के सामने आने पर संबंधित मंत्री पर इसकी जिम्मेदारी डाली जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में केजरीवाल दिल्ली में भ्रष्टाचार की दुकान चला रहे थे। चाहे स्कूलों में क्लासरूम निर्माण का मामला हो, शराब घोटाला हो या कई अन्य कथित घोटाले। उन्होंने बेहद चालाकी से काम किया।

DJB मामले को लेकर भी लगाए आरोप

बता दें कि स्वाती मालीवाल के बयान ऐसे समय आए हैं जब दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के अपग्रेडेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और हेरफेर का मामला सामने आया है। इस मामले में AAP नेता सत्येंद्र जैन को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने गिरफ्तार किया है।

स्वाती मालीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ा यह मामला सीधे यमुना की सफाई से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली में पर्याप्त संख्या में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सही तरीके से नहीं बनाए जाते, तब तक यमुना की सफाई संभव नहीं है। 

पंजाब को लेकर भी केजरीवाल पर निशाना

स्वाती मालीवाल ने पंजाब को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में AAP की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद पंजाब में भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क तैयार किया गया है। उन्होंने सत्येंद्र जैन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पंजाब में पार्टी के लिए कथित तौर पर कलेक्शन एजेंट बताया।

मालीवाल ने सवाल उठाया कि दिल्ली के पूर्व विधायक सत्येंद्र जैन को चंडीगढ़ के सेक्टर-39 में बंगला नंबर 926 कैसे और क्यों आवंटित किया गया। उन्होंने दावा किया कि यह बंगला कई मंत्रियों को आवंटित आवासों से भी अधिक आलीशान है।

मालीवाल ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कथित भ्रष्टाचार की कहानी दिल्ली से पंजाब तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी कथित व्यवस्था के लेखक, निर्देशक और निर्माता अरविंद केजरीवाल हैं, जबकि गिरफ्तार किए जा रहे नेता सिर्फ अभिनेता हैं।

AAP ने आरोपों को बताया बीजेपी की साजिश

वहीं, AAP की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बीजेपी पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही बीजेपी AAP नेताओं को निशाना बनाने के अपने पुराने तरीके पर लौट आई है।

आप नेता कक्कड़ ने कहा कि सत्येंद्र जैन पंजाब के सह-प्रभारी हैं और चुनाव नजदीक होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जैन के खिलाफ पहले भी झूठे मामले दर्ज किए गए थे और अदालतों से AAP नेताओं को राहत मिली है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31