जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित रामपुरा कंवरपुरा में सरकारी प्राथमिक स्कूल के निरीक्षण को लेकर हुआ बवाल अब कानूनी दांव-पेच में उलझ गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हुई तीखी बहस, हाथापाई और गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिवदासपुरा पुलिस थाने में दोनों ओर से परस्पर FIR दर्ज कर ली गई है। CJP कार्यकर्ताओं ने जहां ग्रामीणों पर जानलेवा हमला करने और वाहन के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं पर गांव का माहौल खराब करने और बिना अनुमति स्कूल में घुसकर अभद्रता करने के आरोप जड़े हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब DCP साउथ राजऋषि राज की देखरेख में शिवदासपुरा थाना अधिकारी राजेश गौतम ने दोनों पक्षों की FIR के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानिए कंवरापुरा विवाद की पूरी कहानी

यह पूरा मामला शुक्रवार को तब सामने आया जब CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनकी टीम जयपुर के कंवरापुरा स्थित उस सरकारी प्राथमिक विद्यालय का रिएलिटी चेक करने पहुंचे थे, जिसे लेकर दावा किया गया था कि वह जर्जर भवन और तबेले के पास चल रहा है। CJP टीम जैसे ही गांव में एन्ट्री लेकर स्कूल के करीब पहुँच रही थी, तभी स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें रोक दिया और आरोप लगाया कि स्कूल का इस्तेमाल पब्लिसिटी स्टंट के लिए किया जा रहा है। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान CJP कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई हुई और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

शिवदासपुरा थाने पहुंचा विवाद

घटना के बाद दोनों पक्ष शिवदासपुरा पुलिस थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

CJP का आरोप: ‘भाजपा समर्थित लोगों ने किया जानलेवा हमला’

CJP प्रवक्ताओं और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वे सिर्फ जर्जर स्कूल भवन की स्थिति सामने लाने और बच्चों के हक की बात करने गए थे। लेकिन वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए।

CJP प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना है कि हमारा मकसद केवल जर्जर स्कूल की हकीकत जनता के सामने लाना था। लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं के साथ दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट की गई। हमने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया है और हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

गांव का माहौल बिगाड़ रहे थे बाहरी लोग: ग्रामीण

दूसरी तरफ, कंवरापुरा के ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराते हुए कहा कि गांव के स्कूल के विकास के लिए सरकार से पहले ही बजट स्वीकृत हो चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोग आकर बिना अनुमति के स्कूल में वीडियो बना रहे थे और ग्रामीणों के साथ बदसलूकी कर रहे थे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि वे अपने गांव और बच्चों के स्कूल का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल का मोहरा बनने के लिए नहीं होने देंगे।

FIR पर पुलिस पड़ताल शुरू

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। DCP साउथ राजऋषि राज ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कंवरापुरा मामले में शिवदासपुरा पुलिस थाने में दोनों पक्षों की तरफ से FIR दर्ज कर ली गई है।

दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और शांति भंग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम खुद दोनों FIR में दर्ज तथ्यों, मौके से मिले वायरल वीडियो और गवाहों के बयानों की निष्पक्ष जांच करेंगे। जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031