रांची: झारखंड के चतरा जिले के कोयलांचल क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल दुबे गैंग का अपराधी विकास कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। 

चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई में टंडवा और पिपरवार थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी। हाल के दिनों में कोयलांचल क्षेत्र में एक निजी कार्य एजेंसी के कार्यालय पर हुई अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य सीमावर्ती इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुद को घिरता देख अपराधियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। इसी दौरान विकास कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। ज्ञातव्य है कि दो दिन पहले राहुल दुबे गिरोह के बाइक सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने चंद्रगुप्त कोल परियोजना स्थित सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एसआईएस प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। 

अपराधियों ने मौके पर हस्तलिखित पर्चा छोड़कर घटना की जिम्मेदारी भी ली थी। इस घटना के बाद से पुलिस गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी समेत जिले के वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। 

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031