नई दिल्ली। राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड (NBEMS) ने राजस्थान के जयपुर स्थित आईओएन डिजिटल जोन (सीतापुरा) केंद्र पर नीट-पीजी 2026 की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब इस केंद्र के प्रभावित उम्मीदवारों के लिए परीक्षा 5 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती की समस्या को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
2 घंटे में 10 बार बाधित हुआ एग्जाम
छात्रों के अनुसार, परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी। एग्जाम शुरू होने के बाद दो घंटे के भीतर करीब 10 बार एग्जाम बाधित हुआ। सिस्टम बार-बार बंद होने के बाद कुछ कंप्यूटर्स को फिर से स्टार्ट करने के बाद स्क्रीन पर 3 से 4 सवाल ही दिखाई दिए।
हंगामा के बाद एग्जाम कैंसिल
छात्रों का आरोप है कि सेंटर के स्टाफ ने इसको कोई तकनीकी कारण नहीं बताया। इसको लेकर छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा को बढ़ता देख परीक्षा कैंसिल कर दी गई है। अब इस केंद्र पर 5 सितंबर को फिर से परीक्षा होगी।



















