फरीदाबाद : फरीदाबाद के गांधी कॉलोनी में 500 रूपये मांगने के बाद हुए विवाद के चलते युवक की बीयर की बोतल घोंपकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी सागर (26) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी कालू को भी गिरफ्तार कर लिया है। थाना एनआईटी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक और आरोपी साथ में पी रहे थे शराब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सागर और आरोपी कालू दोनों ही गांधी कॉलोनी के रहने वाले है। दोनों साथ में ही चैन-कुप्पी पर का काम करते है। बताया गया है कि कालू ठेकेदार है जबकि सागर लेबर का काम करता था। दोनों रविवार की देर रात करीब 10 बजे रेलवे स्टेश के पास शराब पी रहे थे।
500 रूपये मांगने को लेकर हुआ झगड़ा
शराब पीने के दौरान मृतक सागर ने कालू से अपने 500 रूपए मांग लिए। इसी बात को लकेर दोनों के बीच में विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद ने दोनों के बीच में झगड़े का रूप धारण कर लिया। झगड़े के दौरान कालू ने बीयर की बोतल को पहले सागर के सर में मारकर फोड़ दिया। इसके बाद उसने सागर के गले और पेट में बीयर की टूटी हुई बोतल घोंप दी। जिससे सागर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में डाक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों के अनुसार जब वो सागर को अस्पताल लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने उसको मृतक घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक गले में कांच की बोतल लगने से नसे कट गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना एनआईटी इंचार्ज महाबीर के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















