श्रीनगर में बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ बहस और हंगामे की स्थिति बन गई. BJP कार्यालय की ओर बढ़ रहे NC नेताओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, जिसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस के सामने अड़ गए. इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘370 वापस करो’ के नारे लगाए.
पुलिस के कार्रवाई पर उठाया सवाल
प्रदर्शन के दौरान NC नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि BJP नेताओं को आगे जाने दिया जा रहा है, जबकि उन्हें रोका जा रहा है. नेताओं ने पुलिस से पूछा कि जब BJP के नेता आगे जा सकते हैं, तो NC नेताओं को क्यों रोका जा रहा है.
पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती
बता दें कि बुधवार को श्रीनगर में BJP और NC के आमने-सामने प्रदर्शन के चलते पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी. पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी. जवाहर नगर में BJP कार्यालय की ओर जाने वाली सड़कों पर आवाजाही रोकी गई थी, जबकि लाल चौक स्थित घंटाघर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई थी.
BJP के सिविल सचिवालय घेराव के जवाब में पहुंचे थे NC नेता
NC ने BJP के श्रीनगर कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम, BJP के सिविल सचिवालय घेराव के जवाब में रखा था. BJP ने बुधवार को उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ सिविल सचिवालय घेराव का कार्यक्रम रखा है. BJP का आरोप है कि सरकार ने 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए रोजगार, भर्ती और दूसरे वादों को पूरा नहीं किया है. इस तरह श्रीनगर में बुधवार को दोनों दलों के प्रदर्शन आमने-सामने आ गए. NC जहां केंद्र से राज्य का दर्जा और संवैधानिक अधिकारों को लेकर जवाब मांग रही है, वहीं BJP उमर अब्दुल्ला सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रही है.



















