देहरादून/नैनीताल: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में बुधवार को शासन ने पांच अवैध मदरसे सील कर दिया। मार्च 2025 में भी यहां चार मदरसे सील किये गए थे। इस तरह बाजपुर में सील किए गए अवैध मदरसों की संख्या नौ हो गई है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को निर्धारित नियमों, मानकों और आवश्यक मान्यता के अनुरूप संचालित कराने को लेकर सरकार की सख्ती लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में किसी भी शिक्षण संस्थान को निर्धारित नियमों एवं मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसी क्रम में उधमसिंह नगर के बाजपुर परगना क्षेत्र में प्रशासन ने आज पांच और मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। आज की कार्रवाई के तहत मदरसा गुलशन इस्लाम, कनोरा-बाजपुर, मदरसा जामिया हनकिया रजा उल उलूम, चकरपुर, मदरसा जामिया फातिमा जेहरा, जगन्नाथपुर-बाजपुर, मदरसा मोईनुल उलूम, मोहल्ला गांधीनगर, केलखेड़ा तथा मदरसा हुज्जतुल इस्लाम, गुमसानी रोड, बाजपुर को सील किया गया।
प्रशासन की ओर से की गई यह कार्रवाई संबंधित संस्थानों के संचालन में आवश्यक मान्यता एवं निर्धारित नियमों और मानकों के अनुपालन से जुड़े मामलों की जांच के बाद की गई। प्रशासन द्वारा बाजपुर क्षेत्र में संचालित संस्थानों की जांच और निरीक्षण की कारर्वाई की जा रही है। जांच के दौरान जहां आवश्यक मान्यता अथवा निर्धारित मानकों के अनुपालन से संबंधित कमियां सामने आ रही हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आज पांच मदरसों को सील किया जाना भी इसी कार्रवाई का हिस्सा है।



















