Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के नानौता इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। जहां जिस घर में कुछ दिन पहले तक ढोलक की थाप और शहनाइयों की गूंज थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। अपनी साली की शादी में शामिल होने मायके आई पत्नी पर सिरफिरे पति ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन पर भी वार कर जान देने की कोशिश की। अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई, जबकि आरोपी पति जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना नानौता थाना क्षेत्र के मोहल्ला चामंजिली की है। कैराना निवासी इरफान (35) की शादी करीब 14 साल पहले गजाला (30) के साथ हुई थी। 21 सितंबर को गजाला की छोटी बहन की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों सहारनपुर आए हुए थे। शादी के बाद घर में रिश्तेदारों की चहल-पहल थी। गुरुवार शाम गजाला अपने भाई सुहेल के पंजाब जाने की तैयारी करवा रही थी और कमरे में उसका बैग पैक कर रही थी। इसी बीच इरफान अचानक मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, बंद कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी उग्र हो गई कि इरफान ने आपा खो दिया और पास में रखे धारदार हथियार से गजाला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अचानक गजाला की तेज चीख सुनकर नीचे मौजूद परिजन बदहवास होकर ऊपर कमरे की तरफ दौड़े। दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गजाला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद इरफान ने खुद की गर्दन पर भी धारदार हथियार से वार कर लिया था। परिजनों ने तुरंत दोनों को आनन-फानन में सीएचसी नानौता पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गजाला को मृत घोषित कर दिया। वहीं इरफान की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास चारण और सीओ गंगोह शैलेंद्र प्रताप गौतम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ गंगोह शैलेंद्र प्रताप गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते इरफान ने अपनी पत्नी गजाला के गले पर धारदार हथियार से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने खुद को भी घायल किया है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मानें तो शादी के 14 साल बीत जाने के बाद भी दोनों के कोई औलाद नहीं थी, जिसको लेकर उनके बीच अक्सर अनबन रहती थी। हालांकि गुरुवार शाम विवाद किस तात्कालिक बात को लेकर बढ़ा, पुलिस इसकी परतें खंगाल रही है। घटना के बाद से मृतका की मां संजीदा और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930