रायपुर – राजधानी रायपुर में ट्रिपल मर्डर की वारदात से हड़कंप मच गया है। माना थाना क्षेत्र के डूमरतराई स्थित साहू पारा में एक महिला और उसके दो नाबालिग बच्चों की चाकू से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पत्नी और बच्चों की हत्या का आरोप
जानकारी के मुताबिक, बालोद जिले के सियनमरा निवासी भुनेश्वर साहू डूमरतराई के साहू पारा में एक मकान में किराए से रहता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद के बाद भुनेश्वर साहू ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दोनों नाबालिग बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घर मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस
आज तड़के घर मालिक को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने तत्काल माना थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों शवों का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी मेकाहारा में भर्ती
घटना में घायल आरोपी भुनेश्वर साहू को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस उसकी हालत और उपचार की जानकारी के साथ-साथ घटना के पीछे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद डूमरतराई इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Advertisement Carousel
Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930