रायबरेली. हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शेरी गांव के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में करीब पांच से छह यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से अमेठी के मुसाफिरखाना जा रही थी. बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे. बताया जा रहा है कि शेरी नेशनल हाईवे पर चालक दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में सवार यात्रियों की मदद की. घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया. हालांकि, सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई.



















